भारत की सतत विकास लक्ष्य (SDG) तैयारी रैंकिंग में गिरावट
एक रिपोर्ट के अनुसार भारत की सतत विकास लक्ष्य (SDG) तैयारी (preparedness) रैंकिंग में गिरावट जारी है ।
सतत विकास रिपोर्ट (SDR), 2022 में भारत 163 देशों में से 121वें स्थान पर है। यह रिपोर्ट सतत विकास समाधान नेटवर्क (SDSN) के स्वतंत्र विशेषज्ञों के एक समूह द्वारा प्रकाशित की गयी है।
SDR यह आकलन करती है कि SDG की प्राप्ति में प्रत्येक देश की स्थिति क्या है। SDR को पूर्व में SDG इंडेक्स और डैशबोर्ड कहा जाता था।
रिपोर्ट के मुख्य निष्कर्ष:
- लगातार दूसरे वर्ष, विश्व सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में प्रगति नहीं कर रहा है।
- इंटरनेशनल स्पिलओवर इंडेक्स, 2022 के अनुसार संपन्न देश विशेष रूप से असंधारणीय खपत के माध्यम से नकारात्मक अंतर्राष्ट्रीय स्पिलओवर (प्रभाव विस्तार) उत्पन्न कर रहे हैं।
- स्पिलओवर प्रभाव एक देश की अर्थव्यवस्था पर दूसरे देश में होने वाली असंबंधित घटनाओं के प्रभाव को दर्शाता है।
- रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2030 और उसके बाद सतत विकास लक्ष्यों के मामले में प्रगति के लिए विश्व के समक्ष मूलभूत शर्ते हैं: शांति, कूटनीति और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग।
भारत का प्रदर्शन:
- भारत की रैंकिंग में लगातार तीसरे वर्ष गिरावट दर्ज की गयी है। भारत वर्ष 2020 में 117वें और वर्ष 2021 में 120वें स्थान पर था। इस वर्ष यह 121वें स्थान पर है।
- भारत ने SDG के दो लक्ष्य (SDG 12 और 13) प्राप्त कर लिए हैं।
- एक लक्ष्य (SDG 4) के मामले चुनौतियां बनी हुई हैं।
- 3 लक्ष्यों (SDG 1, 7 और 10) में महत्वपूर्ण चुनौतियां बनी हुई हैं।
- कुल 17 SDGs में से 11 लक्ष्यों (SDG-2, 3, 5, 6, 8, 9,11,14,15,16 और 17) की प्राप्ति में बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।
सतत विकास समाधान नेटवर्क (SDSN) के बारे में:
इसे वर्ष 2012 में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने लॉन्च किया था।
इसके निम्नलिखित लक्ष्य हैं:
- सतत विकास तथा SDGs के कार्यान्वयन के लिए व्यावहारिक समस्या समाधान को बढ़ावा देने हेतु वैश्विक वैज्ञानिक और तकनीकी विशेषज्ञता जुटाना।
- SDSN संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, बहुपक्षीय वित्तपोषण संस्थानों, निजी क्षेत्र और नागरिक समाज के साथ मिलकर कार्य करता है।
- वर्ष 2019 में, SDSN ने सिक्स ट्रांसफॉर्मेशंस फ्रेमवर्क प्रकाशित किया था। यह SDGs की प्राप्ति की दिशा में परिवर्तनकारी प्रयासों को एकजुट करने के लिए एक नवीन फ्रेमवर्क है।
स्रोत –द हिन्दू